Goa: जात्रा उत्सव में भगदड़, शिरगांव मंदिर में 7 श्रद्धालुओं की जान गई

गोवा: शुक्रवार देर रात गोवा के शिरगांव में श्री लैराई ‘जात्रा’ के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जात्रा के दौरान भगदड़ मचने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 30 से ज्यादा घायल हो गये है। घायलों को तुरंत गोवा मेडिकल कॉलेज (GMC) और मापुसा स्थित नॉर्थ गोवा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
चश्मदीदों ने बताया कि भगदड़ के दौरान हालात बेहद डरावने हो गए थे और लोग एक-दूसरे पर गिरते-पड़ते बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने अभी तक भगदड़ के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, भीड़ ज्यादा होने और उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक: शिरगांव में हुए दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शोक जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पीएम ने लिखा, “गोवा के शिरगाओ में भगदड़ के कारण हुई मौतों से दुखी हूं. अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.’ कांग्रेस ने लिखा, “श्री लैराई देवी, शिरगाओ के जातरोत्सव में हुई भगदड़ से बहुत दुखी है. हम इस दुखद घटना की शोक व्यक्त करते हैं और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं. सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना.”
वहीं राहुल गांधी ने लिखा है कि गोवा के शिरगांव स्थित लैराई देवी मंदिर में वार्षिक यात्रा के दौरान भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु और अनेक के घायल होने का समाचार बहुत दुखद है।सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।





