गोवा

पंजाब और छत्तीसगढ़ को 5-5 करोड़ रुपए की सहायता देगी गोवा सरकार

SHIDDHANT
7 Sept 2025 11:17 PM IST
पंजाब और छत्तीसगढ़ को 5-5 करोड़ रुपए की सहायता देगी गोवा सरकार
x
GOA गोवा: पंजाब और छत्तीसगढ़ में आई बाढ़ के बीच गोवा सरकार ने दोनों प्रदेशों के लिए मदद की घोषणा की है। गोवा सरकार की ओर से पंजाब और छत्तीसगढ़ को 5-5 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा ने छत्तीसगढ़ और पंजाब में भारी तबाही मचाई है। संकट की इस घड़ी में गोवा सरकार और जनता इन राज्यों के हमारे भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़ी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से हम राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में सहायता के लिए छत्तीसगढ़ और पंजाब को 5-5 करोड़ रुपए जारी कर रहे हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए एकजुट राष्ट्र के प्रयासों में गोवा हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।“
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी छत्तीसगढ़ के लिए 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के कारण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में आई बाढ़ से जन-धन की क्षति हुई है। पड़ोसी राज्य होने के नाते हमारा दायित्व है कि हर संभव सहायता पहुंचाएं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश सरकार की ओर से 5 करोड़ की राशि एवं आवश्यक राहत सामग्री भेजी जा रही है। इस आपदा की घड़ी में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के साथ दृढ़ता से खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। मोहन यादव का धन्यवाद करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव ने कहा कि आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, अपितु आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा।
दूसरी ओर पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर दिल्ली भाजपा की ओर से 52 ट्रकों में राहत सामग्री रवाना की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘प्राकृतिक आपदा’ की इस कठिन घड़ी में दिल्ली भाजपा संगठन द्वारा सेवा के दायित्व का पालन करते हुए पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए 52 ट्रकों में राहत सामग्री रवाना की गई। पंजाब प्रदेश के लोगों पर भयंकर प्राकृतिक आपदा आई है, प्राकृतिक आपदाओं पर किसी का बस नहीं चलता, परन्तु ऐसे समय में मदद का हाथ बढ़ाना ही सच्ची मानवता है। भाजपा सरकार और संगठन यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों तक तुरंत राहत पहुंचे और उनकी समस्याओं का निवारण हो सके।"
Next Story