
इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लायन सफारी के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के शव की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव मिलने की सूचना पर एसपी सिटी कपिल देव सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह मौके पर पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। एसपी सिटी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। मृतक के पास से 650 रुपए बरामद हुए हैं। एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया, युवक की उम्र 25 वर्ष के आसपास है। शव इटावा-ग्वालियर मार्ग पर लायन सफारी के सामने मिला है। युवक की पीठ और सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया, इलाके में देर रात गोली चलने की आवाज सुनी गई थी। मौके पर जाकर देखा तो युवक का शव पड़ा था। पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आज सुबह टहलने वालों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी तब पुलिस शव को लेकर के गंभीर हुई।





