राज्य

उत्तर प्रदेश के बदायूं में युवक की हत्या करके शव को फंदे पर लटकाया

Soni
21 Feb 2022 5:27 PM IST
उत्तर प्रदेश के बदायूं में युवक की हत्या करके शव को फंदे पर लटकाया
x

बदायूं में युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव सोमवार को दिन में गांव के श्मसान भूमि में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसकी हत्या करके लाश लटकाई है। क्योंकि युवक से इन लोगों का रविवार रात झगड़ा हुआ था। पुलिस ने फिलहाल शव पोस्टमार्टम को भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। वारदात उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरी जंगल में हुई। गांव का हुकुम सिंह 40 वर्ष राजमिस्त्री था और रविवार शाम वह काम करके घर लौटा तो हाथ-मुंह धोकर गांव में घूमने निकल गया। वहां गांव के ही कुछ लोगों से उसका झगड़ा हो गया। परिजनों के मुताबिक दूसरे पक्ष के लोग शराब के नशे में धुत थे और बेवजह हुकुम सिंह से उलझ गए थे। बड़े भाई ऋषिपाल ने पुलिस को बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो हुकुम सिंह समेत हमलावर वहां नहीं थे। गांव के किसी व्यक्ति ने यूपी 112 को घटना की जानकारी दी थी। ऐसे में पीआरवी भी पहुंची थी लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इधर, देर रात तक हुकुम सिंह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। परिजनों के मुताबिक सोमवार दो सूरज चढ़ने पर लोग घरों से निकले तो शव श्मसान भूमि में पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। भाई का आरोप है कि जिन लोगों से झगड़ा हुआ था, उन्हीं ने हत्या करके शव लटकाया है। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि परिजनों ने हत्या की तहरीर दी है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story