
बदायूं में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक अचानक सामने आए सांड से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब युवक गर्भवती पत्नी को दवा दिलाने उझानी के अस्पताल जा रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। वहीं परिजनों ने फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं दी है। हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में कादरचौक रोड पर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास हुआ। इसी कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरी जंगल निवासी मोहम्मद उमर 26 वर्ष अपनी 23 वर्षीय पत्नी महसर के साथ बाइक से उझानी की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक सड़क पार कर रहा सांड उनकी बाइक के सामने आ गया। इससे पहले कि मोहम्मद उमर कुछ समझ पाता, बाइक सांड से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायल दंपति को लेकर सीएचसी पहुंची, यहां डॉक्टर ने दोनों को कुछ देर बाद मृत घोषित कर दिया। इस पर शवों को सीधे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। राहगीरों ने दोनों को पहचान लिया और परिवार के लोगों को हादसे की जानकारी दी। कुछ देर बाद परिजन भी वहां जा पहुंचे। परिवार वालों ने बताया कि महसर तीन महीने की गर्भवती थी। हादसे का शिकार हुआ मोहम्मद उमर मजदूरी करता था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। मसहर का मायका शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव अमापुर में है। मायके वाले भी हादसे की सूचना पर बदायूं रवाना हो गए हैं। सीओ उझानी गजेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।





