
केंद्रीय ; केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने अपनी व्यक्तिगत लड़ाई को लोकतंत्र की लड़ाई बना दिया है। वे राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम होगी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आगे कहा कि देश में एक माहौल बनाया जा रहा है। शहर-शहर में ट्रेनें रोकी गईं, आमजन को परेशानी हुई, क्या ये गांधीवाद का सिद्धांत है? एक व्यक्ति विशेष के लिए ऐसा क्यों हो रहा है। कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को एक विशेष सत्कार दिया जा रहा है। जमानत के लिए जब गए तो नेताओं की पूरी फौज ले गए। यह अदालत के ऊपर दबाव का प्रयास नहीं है तो क्या है?
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी को कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा यह पहली बार नहीं है कि जब किसी को संसदीय सदस्यता से अयोग्य घोषित किया गया है, लेकिन अयोग्यता को लेकर अभी जो हो-हल्ला मचाया जा रहा है वह शर्मनाक है। वे लोकतंत्र के मंदिर संसद को बाधित कर रहे हैं।
