छत्तीसगढ़
शराब भट्ठी से लौट रहे युवकों पर हमला, मारपीट कर दो मोबाइल और पर्स लूटे
Shantanu Roy
17 Sept 2026 6:25 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रास्ता रोककर बाइक सवार युवकों से लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। कोटा थाना क्षेत्र में शराब भट्ठी से लौट रहे दो युवकों को दो अज्ञात आरोपियों ने रोक लिया। आरोपियों ने बाइक का हैंडल पकड़कर दोनों को सड़क पर गिरा दिया और मारपीट करने के बाद उनके मोबाइल और पर्स लेकर फरार हो गए। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक रोककर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार ग्राम नगपुरा सिरगिट्टी निवासी भवानी सूर्यवंशी कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर को वह अपने दोस्त आकाश डहरिया के साथ बाइक से कोटा घूमने गया था। शाम के समय दोनों गनियारी स्थित शराब भट्ठी से शराब लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे भट्ठी के पास इमली पेड़ के नजदीक पहुंचे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक अचानक उनके सामने आए और बाइक का हैंडल पकड़ लिया। चलती बाइक का हैंडल पकड़े जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
मारपीट कर छीने मोबाइल और पर्स
बाइक से गिरने के बाद आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों ने भवानी सूर्यवंशी की जेब से मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल और पर्स निकाल लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने बताया कि अचानक हुए हमले के कारण वे कुछ समझ नहीं पाए और आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
दोस्त की आंख और चेहरे पर लगी चोट
मारपीट और बाइक से गिरने के कारण आकाश डहरिया को गंभीर चोटें आईं। उसकी बाईं आंख और चेहरे पर चोट लगी है। घायल आकाश को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। इलाज के बाद वह कोटा थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ितों की शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Next Story





