छत्तीसगढ़

युवक की हत्या कर सीमेंट के पाइप में छिपाई लाश, 3 हत्यारे गिरफ्तार

Shantanu Roy
9 Aug 2026 6:16 PM IST
युवक की हत्या कर सीमेंट के पाइप में छिपाई लाश, 3 हत्यारे गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में दोस्ती के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने कथित तौर पर अपने ही साथी पवन टंडन की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट पाइप लाइन के अंदर करीब 12 फीट की गहराई में छिपा दिया। पुलिस ने सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, सीमेंट-कंक्रीट का बड़ा टुकड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में गंभीर अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवकों ने एक व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को कहीं छिपा दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार किया और घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान पवन टंडन, उम्र 22 वर्ष, निवासी रावांभाठा खमतराई के रूप में हुई है। आरोपियों की पहचान समीर खान, प्रकाश यादव उर्फ दादु और सूरज यादव के रूप में हुई है।
पुलिस जांच के मुताबिक 6 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे से 12 बजे के बीच पवन टंडन और तीनों आरोपी चारों बांधा तालाब सूखा मैदान, बंजारी नगर रावांभाठा में एक साथ बैठे थे। यहां सभी ने शराब पी। इसके बाद रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच किसी बात को लेकर पवन टंडन का आरोपियों के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद समीर खान ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से पवन के सिर पर वार कर दिया। वार लगने से पवन जमीन पर गिर गया। इसके बाद प्रकाश यादव ने पास में रखे सीमेंट-कंक्रीट के बड़े टुकड़े से उसके सिर पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, सूरज यादव ने पवन का गला दबाया। इसके बाद समीर खान ने दो से तीन बार दोबारा सीमेंट-कंक्रीट के बड़े टुकड़े से पवन के सिर पर वार किया। गंभीर चोटों के कारण पवन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को घटनास्थल पर नहीं छोड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शव को उठाकर करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट पाइप लाइन के अंदर छिपा दिया। पाइप के अंदर करीब 12 फीट तक शव को छिपाने के बाद आरोपी वहां से चले गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना स्थल और शव छिपाने वाली जगह की तस्दीक की। आरोपियों को मौके पर ले जाकर पूछताछ करने के बाद बताए गए स्थान से पवन का शव बरामद किया गया। इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। मृतक के परिजनों को भी शिनाख्त के लिए बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की पहचान पवन टंडन के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पवन पिछले दो दिनों से लापता था और वे उसकी तलाश रिश्तेदारों के बीच कर रहे थे। इसी दौरान हत्या की घटना का खुलासा हुआ। मामले में मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट, निवासी बंजारी नगर रावांभाठा की रिपोर्ट पर खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 752/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, सीमेंट-कंक्रीट का बड़ा टुकड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान पिता आबित खान, उम्र 19 वर्ष, प्रकाश यादव उर्फ दादु पिता देवनाथ यादव, उम्र 18 वर्ष और सूरज यादव पिता रामजी यादव, उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा इलाके के रहने वाले हैं। पूरी कार्रवाई में डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पाण्डे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल, पीएसआई कौशल कुमार झा सहित पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और शव बरामद किया।
Next Story