
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: कांकेर जिले में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक के पास से 21 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। युवक रकम से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरी रकम जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने बैग में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर थाना कांकेर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद मुस्ताक बताया। वह वर्तमान में रायपुर के संतोषी नगर में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले का बताया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास मौजूद ग्रे और काले रंग के बैग से 500 रुपये के 42 बंडल और 100 रुपये के तीन बंडल मिले। गिनती करने पर कुल 21 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद हुए।
पुलिस ने युवक से रकम के स्रोत और संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक जानकारी या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए रकम जब्त कर ली गई। पुलिस ने जब्ती पंचनामा तैयार कर मामला न्यायालय में पेश किया है। साथ ही नगदी के स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग रायपुर को भी सूचना भेजी गई है।
Next Story





