छत्तीसगढ़

दुर्ग में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
17 Nov 2025 11:38 PM IST
दुर्ग में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस
x
छग
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार रात स्थानीय लोगों ने बांसपारा नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मृतक की पहचान संजय यादव उर्फ संजू (24 वर्ष), पिता बसंत यादव, निवासी पचरी पारा दुर्ग, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजय यादव रविवार रात अपने घर से स्कूटी पर निकला था और उसने परिजनों को कहा था कि थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने बांसपारा नाले में युवक का शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर किया पंचनामा एवं पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे पहले शव को नाले से बाहर निकाल कर पंचनामा कार्यवाही की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या, दुर्घटना और नशा विवाद जैसी संभावनाओं पर गौर कर रही है।

घटनास्थल से बरामद हुई स्कूटी
मौके से मृतक की स्कूटी भी बरामद की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस जगह शव मिला है वहां अक्सर देर रात शराब और गांजा पीने वालों का जमावड़ा रहता है। इसलिए यह आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी विवाद या दुर्घटना का शिकार हुआ हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

परिजन प्रशासन से मांग रहे न्याय
मृतक संजय यादव रोज़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घर से न लौटने के कारण परिजन पहले से ही चिंतित थे, लेकिन सुबह नाले में शव मिलने की खबर ने घर में कोहराम मचा दिया। परिवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पिता बसंत यादव ने कहा कि हम चाहते हैं कि संजय की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आए और जिम्मेदारों को कड़ी सजा मिले। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या, हादसा या नशे के कारण विवाद जैसी संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस आसपास के निवासियों और गवाहों से पूछताछ कर रही है। नाले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगालकर घटना की सही वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Next Story