छत्तीसगढ़

प्रेमिका से बात करने को लेकर विवाद में चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल

Shantanu Roy
1 Oct 2026 5:14 PM IST
प्रेमिका से बात करने को लेकर विवाद में चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र अंतर्गत दतरेंगा में प्रेमिका से बातचीत करने को लेकर हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आरोप है कि सागर साहू ने लीलाराम साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना में लीलाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे उन्हें भी चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, सागर साहू और लीलाराम साहू के बीच प्रेमिका से बातचीत करने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी सागर साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू से लीलाराम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लीलाराम के पेट पर वार करने की कोशिश की थी। लीलाराम ने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिसके कारण चाकू का वार पेट पर नहीं लगा। इसके बाद आरोपी ने लगातार हमला किया। चाकू के दो वार लीलाराम की कमर और कूल्हे के नीचे पैर के हिस्से में लगे। हमले के दौरान उसके हाथ की उंगली में भी चोट आई है।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लीलाराम को चाकू से घायल होते देख राकेश साहू और परमानंद साहू उसे बचाने के लिए आगे आए। दोनों ने आरोपी को रोकने और विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि सागर साहू ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में राकेश साहू और परमानंद साहू को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इसी बीच आरोपी सागर साहू मौके से फरार हो गया। घायल लीलाराम साहू की हालत को देखते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज जारी है। अन्य घायलों का भी उपचार कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुजगहन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही वारदात के बाद फरार हुए आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था। घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी सागर साहू पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है। मुजगहन थाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Next Story