छत्तीसगढ़
पुराने विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, तीन फरार आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Aug 2026 10:53 PM IST

x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में पुराने विवाद और गवाही देने की बात को लेकर एक युवक पर कथित रूप से हत्या की नीयत से हमला करने वाले तीन फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चूड़ा बरामद करने का दावा किया गया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना 2 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे हुई थी। शिकायतकर्ता शिवनाथ यादव पौनी पसारी के पास मौजूद था। इसी दौरान साहिल यादव, समीर यादव और स्वप्नील यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने पुराने विवाद और गवाही देने की बात को लेकर शिवनाथ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
विवाद और मारपीट की जानकारी मिलने पर शिवनाथ का भाई महेश्वर यादव भी मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महेश्वर को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी बीच आरोपी साहिल यादव ने हाथ में पहने चूड़ा को निकाल लिया और कथित रूप से हत्या की नीयत से महेश्वर के सिर पर वार कर दिया। हमले से महेश्वर के सिर और नाक में गंभीर चोट आई तथा वह घटनास्थल पर बेहोश होकर गिर गया। शिकायतकर्ता ने अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महेश्वर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत के आधार पर शिवरीनारायण पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शिवनाथ यादव की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में शिवरीनारायण थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने उनके परिचितों और संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी चोरी-छिपे अपने गांव सुकुलपारा, खरौद पहुंचे हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चूड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुकुलपारा, खरौद निवासी साहिल यादव उम्र 23 वर्ष, समीर यादव उम्र 22 वर्ष और स्वप्नील यादव उम्र 22 वर्ष शामिल हैं। तीनों शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है। इस कार्रवाई में शिवरीनारायण थाना प्रभारी उप निरीक्षक केपी सिंह, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, आरक्षक पतिराम यादव, टुकेश्वर डडसेना, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले तथा थाना स्टाफ की भूमिका रही।
Next Story





