छत्तीसगढ़

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, 2 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
26 Aug 2026 7:18 PM IST
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, 2 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले के लालबाग थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर युवक से मारपीट, रुपये लूटने, जान से मारने की धमकी देने तथा घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। लालबाग पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्टील का चाकू और डंडा भी बरामद कर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को प्रार्थी ने थाना लालबाग में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे पवन आटा चक्की के पास पेंड्री बस्ती में आरोपियों ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए प्रार्थी के साथ चाकू और डंडे से मारपीट की। इस दौरान उसकी जेब में रखे 250 रुपये जबरन निकाल लिए गए। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपी प्रार्थी के घर तक पहुंच गए और घर में घुसकर होम थिएटर समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। घटना की शिकायत के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 362/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।
धारा 333 बीएनएस भी जोड़ी गई
संपत्ति संबंधी अपराध और घर में घुसकर तोड़फोड़ के मामले को गंभीरता से लेते हुए विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 333 बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना लालबाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंकू उर्फ फटीक लहरे, पिता स्वर्गीय हरिशचंद लहरे, उम्र 26 वर्ष और हिरेंद्र लहरे, पिता चंद्रमोहन लहरे, उम्र 27 वर्ष, दोनों निवासी पेंड्री बस्ती, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पिंकू लहरे के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक स्टील का चाकू बरामद किया। वहीं दूसरे आरोपी से एक डंडा जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
एक आरोपी अभी फरार
इस मामले में एक अन्य आरोपी सोमू लहरे अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक आदतन हिस्ट्रीशीटर है। मामले में दोनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। लालबाग थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मारपीट, लूट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story