
x
2 लाख नकद भी बरामद
Durg दुर्ग। छत्तीसगढ़ के कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खारून नदी रेलवे ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति हथियारों की बिक्री के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कबीरनगर रायपुर निवासी अविनाश आष्टिकर के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 2 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपी के पास से बरामद सामान के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी हथियार किसे बेचने वाला था और उसके पास इतनी बड़ी नकदी कहां से आई। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Next Story





