छत्तीसगढ़
शादी का झांसा देकर पांच साल तक शोषण का आरोप, युवक गिरफ्तार
Shantanu Roy
7 Oct 2026 11:03 PM IST

x
छग
Surguja. सरगुजा। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब पांच साल तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हर्ष गोयल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने शिकायत में बताया कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2019 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान सीतापुर निवासी हर्ष गोयल से हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू होने के बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और फोन पर लगातार संपर्क में रहने लगे।
युवती का आरोप है कि जनवरी 2019 में हर्ष उसे घूमाने के लिए अपने साथ ले गया। इस दौरान उसने शादी करने का भरोसा दिलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के मुताबिक इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा और आरोपी करीब पांच साल तक शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाता रहा। शिकायत के अनुसार वर्ष 2025 में जब युवती ने हर्ष पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद युवती ने परिवार की सहमति से किसी दूसरे युवक से शादी करने का निर्णय लिया।
युवती ने पुलिस को बताया कि 8 मार्च 2026 को उसकी शादी दूसरे युवक से हो गई। आरोप है कि शादी के महज तीन दिन बाद हर्ष गोयल ने फिर से उसे फोन और मैसेज करना शुरू कर दिया। लगातार संपर्क करने के कारण युवती और उसके पति के बीच विवाद होने लगा। शिकायत में कहा गया है कि हर्ष के बार-बार फोन और मैसेज करने से वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ और बाद में पति ने उसके साथ संबंध रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती वापस अपने मायके आ गई।
युवती ने आरोप लगाया है कि हर्ष गोयल की वजह से उसकी शादी टूट गई और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। लगातार परेशान किए जाने के बाद उसने सीतापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी हर्ष गोयल के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में धारा 64(2)(ड), 351(2), 4, 5(स) और 6 के तहत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि मामले में आरोपी हर्ष गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, दोनों के बीच मोबाइल और सोशल मीडिया संपर्क तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





