
x
छग
Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 84 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, बिक्री रकम और मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेश यादव उर्फ जित्तु (22 वर्ष), निवासी खमतराई रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के श्रीनगर रोड स्थित महेश भवन के पास खाली मैदान में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर युवक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम जितेश यादव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से Nitrosun-10 नामक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी से दवा रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से कुल 84 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, बिक्री रकम और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नशीली दवाओं के नेटवर्क की जांच की जा रही है। आरोपी के बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना गुढ़ियारी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





