छत्तीसगढ़
बाइक की डिक्की में गांजा लेकर निकला युवक नाकाबंदी में गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Sept 2026 10:00 PM IST

x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने गांजा लेकर जा रहे एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल की डिक्की में गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से पांगरीकला से सांकरदाहरा की ओर जा रहा था। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो 774 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को डोंगरगांव थाने को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अपने पास अवैध रूप से गांजा रखकर उसे बेचने के उद्देश्य से ग्राम पांगरीकला से सांकरदाहरा की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद डोंगरगांव पुलिस की टीम संदिग्ध को पकड़ने के लिए रवाना हुई और संभावित मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एएन 8374 पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और नियमानुसार तलाशी ली। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पीयूष कुमार साहू पिता सुशील कुमार साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम पांगरीकला, थाना डोंगरगांव बताया। पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली तो डिक्की में पीले रंग का कपड़े का थैला मिला। पुलिस के मुताबिक थैले के अंदर सफेद पॉलीथिन में गांजा रखा हुआ था।
पुलिस ने मौके पर ही नियमानुसार गांजे का वजन कराया। सफेद पॉलीथिन सहित गांजे का कुल वजन 774 ग्राम पाया गया। इसके बाद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। मामले में थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 298/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने पीयूष कुमार साहू को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस अब इस मामले में जब्त मोटरसाइकिल के स्वामी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे बेचा जाना था, इससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण में एंड-टू-एंड विवेचना किए जाने की बात कही है।
डोंगरगांव पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और परिवहन से जुड़े लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुखबिर तंत्र के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं की तस्दीक कर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सागर सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख तथा आरक्षक बिसराम वर्मा और हेमंत सूर्यवंशी की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Next Story





