छत्तीसगढ़

कातुलबोर्ड में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश में वारदात

Shantanu Roy
19 April 2026 12:08 AM IST
कातुलबोर्ड में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश में वारदात
x
छग
Durg. दुर्ग। शहर के कातुलबोर्ड इलाके में शुक्रवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने धारदार चाकू से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार यह घटना 17 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। टिकेश्वर यादव कातुलबोर्ड स्थित सेवन फ्लोर बिल्डिंग के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान शक्ति नगर निवासी लव्य वहां पहुंचा और दोनों के बीच कुछ दिन पहले हुए विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से टिकेश्वर यादव पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, सीने, कमर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही घायल के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे स्पर्श अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार घायल टिकेश्वर यादव ने रास्ते में बताया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश को लेकर उसकी हत्या करने की नीयत से हमला किया था।

इस बयान के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन इस बार मामला गंभीर रूप ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घायल की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।
Next Story