छत्तीसगढ़

आपने मोबाइल बांटने कर्ज लिया हम किसानों के लिए कर्ज ले रहे : सीएम भूपेश बघेल

Admin2
25 Dec 2020 5:29 AM GMT
आपने मोबाइल बांटने कर्ज लिया हम किसानों के लिए कर्ज ले रहे : सीएम भूपेश बघेल
x
विस का शीत सत्र: कर्ज लेने को लेकर विपक्ष के आरोपों पर सीएम का करारा प्रहार छत्तीसगढ़ विधानसभा में 2387 करोड़ रूपए का द्वितीय अनुपूरक बजट पारित

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में चर्चा के बाद ध्वनिमत से 2 हजार 387 करोड़ रूपए का द्वितीय अनुपूरक बजट पारित कर दिया गया। द्वितीय अनुपूरक के बाद अब प्रदेश के वर्ष 2020-21 के मुख्य बजट का आकार कुल एक लाख 9 हजार 101 करोड़ रूपए हो गया है। वर्ष 2020-21 का मुख्य बजट एक लाख 2 हजार 907 करोड़ रूपए का था। प्रथम अनुपूरक का आकार 3 हजार 807 करोड़ रूपए था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संजीदगी के साथ धान खरीदी का काम कर रही है, किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। बारदानों की कमी को दूर करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता प्रदेश के गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और युवा हैं। उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार करना हमारी प्राथमिकता है। श्री बघेल ने कहा कि हां हमने कर्ज लिया है, किसानों की कर्ज माफी के लिए, धान खरीदी के लिए और लोगों की सहायता करने के लिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने स्काई वॉक, एक्सप्रेस-वे, मोबाइल खरीदी और नई राजधानी के लिए ऋण लिया, लेकिन इसका प्रदेश की जनता को क्या फायदा हुआ। मुख्यमंत्री ने नई तहसीलों की जनप्रतिनिधियों की मांग के संबंध में कहा कि राज्य सरकार द्वारा 23 नई तहसीले बनाई गई है। भविष्य में जब भी नई तहसीलें बनाई जाएंगी जनप्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान में रखा जाएगा।

रमन का आरोप -दो साल में राज्य पर 67 हजार करोड़ कर्ज : अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र से कम राशि मिलने का आरोप लगाती रहती है। सच्चाई यह है कि राज्य सरकार ने केंद्रीय करों से 26403 करोड़ रुपए मिलने का अनुमान किया था, जिससे सिर्फ 1त्न ही कम राशि मिली है। इसके विपरीत राज्य के कर से 26155 करोड़ का प्रावधान था, जिसमें अप्रैल से जून में 3465 करोड़ और जुलाई से सितंबर में 5079 करोड़ मिले। यानी 19त्न कम मिले हैं। राज्य सरकार कर की व्यवस्था में पूरी तरह फेल हो चुकी है। दो साल में राज्य पर 67 हजार करोड़ से अधिक कर्ज हो गया है। इससे पहले कांग्रेस के मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा ने 15 साल में 42 हजार करोड़ का कर्ज छोड़ा। कंबल ढंककर घी पीने का काम भाजपा कर रही थी। इसका 5300 ब्याज कांग्रेस पटा रही है।

अभी भी बजट ढूंढना पड़ रहा: कौशिक : नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने राज्य सरकार द्वारा लिए गए कर्ज के आंकड़ों के आधार पर कहा कि प्रति सेकंड सरकार पांच हजार रुपए कर्ज ले रही है। अटल बिहारी वाजपेयी ने जब छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था, तब वे जानते थे कि कांग्रेस का मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन उन्होंने बड़े मन से फैसला किया था। मध्यप्रदेश में जब हम लोग थे, तब आरोप लगाते थे कि वहां के बजट में छत्तीसगढ़ को ढूंढना पड़ता था। आज अनुपूरक बजट में ढूंढना पड़ रहा है।

पोलावरम बांध से 9 गांव के लोग प्रभावित, कोर्ट के निर्णय के बाद पुनर्वास नीति: चौबे : छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश की सीमा पर बन रहे पोलावरम बांध का मुद्दा एक बार फिर सदन में गूंजा। जोगी कांग्रेस विधायक रेणु जोगी ने पूछा कि इस बांध की वर्तमान स्थिति क्या है? निर्माण कब तक पूरा हो जाएगा, कितने क्षेत्र प्रभावित होंगे और प्रभावितों को कितना मुआवजा दिया जाएगा उनके पुनर्वास की क्या योजना है। इसके जवाब में जलसंसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि यह आंध्रप्रदेश में निर्मित होने वाली एक राष्ट्रीय परियोजना है। बांध निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है। चौबे ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद इसकी पुनर्वास नीति बनाई जाएगी। इस मामल में अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह, मोहन मरकाम ने भी सवाल पूछे।

थाने में आत्महत्या पर भाजपा ने गृहमंत्री को घेरा : पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, कृष्णमूर्ति बांधी और बृजमोहन अग्रवाल की ध्यानाकर्षण सूचना पर गृहमंत्री को घेरा। कौशिक ने पूछा कि पंडरी थाने में युवक ने जिस बेल्ट से फंदा बनाया था वह कौन सा बेल्ट था। बृजमोहन ने कहा कि जब थाने के लॉकअप में किसी को रखा जाता है तो उससे बेल्ट, अंगूठी, पर्स सभी सामान उतरवा लिए जाते हैं फिर वह उसके पास बेल्ट कैसे आया। युवक की थाने में हत्या की गई है। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि युवक ने पुलिस लॉकअप में नहीं बल्कि थाने के बाथरुम में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।

Next Story