
बिलासपुर। डॉ सी वी रमन विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थी विभांशु बंजारे ने बड़ी सफलता अर्जित करते हुए विश्वविद्यालय को एवं छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। 2 से 6 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित वर्ल्ड कप ऑफ योगासन स्पोर्ट्स में उन्होंने अपना शानदार प्रदर्शन किया। इसमें 27 देशों के खिलाड़ी शामिल थे, जहां विभांशु बंजारे ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सातवा रैंक हासिल किया।
इसके पूर्व भी विभांशु का चयन अखिल भारतीय टूर्नामेंट में हुआ था, जिसमें उसने तीसरा स्थान हासिल किया था। ऑल इंडिया प्रतियोगिता में कर्नाटक से चयनित होने के बाद उसने वर्ल्ड कप में अपना स्थान सुनिश्चित किया। विभांशु एडल्ट ग्रुप में छत्तीसगढ़ से चयनित होने वाले एकमात्र विद्यार्थी हैं। इस सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि प्रकाश दुबे एवं कुलसचिव गौरव शुक्ला ने शुभकामनाएं दी हैं।