छत्तीसगढ़

रायपुर में 22 करोड़ की लाइब्रेरी का काम 2 महीने पीछे; MLA ने लगाई अधिकारियों को फटकार

Shubhra Nandy
25 Nov 2026 11:57 AM IST
रायपुर में 22 करोड़ की लाइब्रेरी का काम 2 महीने पीछे; MLA ने लगाई अधिकारियों को फटकार
x
नालंदा लाइब्रेरी की सुस्त रफ्तार
रायपुर : राजधानी रायपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधायक ने औचक निरीक्षण किया। करीब 4.65 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कोटा नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के निर्माण की प्रगति पर उन्होंने संतोष जताया। वहीं, 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का काम निर्धारित समय से दो महीने पीछे चलने पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को फटकार लगाई। विधायक ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मार्च 2027 तक तैयार करना होगा नवीन महाविद्यालय भवन
विधायक सबसे पहले कोटा स्थित राम दरबार के समीप निर्माणाधीन शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और भवन में विकसित की जा रही शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया। 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस महाविद्यालय भवन की निर्माण प्रगति संतोषजनक पाई गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मार्च 2027 तक सभी कार्य पूरे कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आधुनिक प्रयोगशालाओं और शैक्षणिक सुविधाओं से लैस होगा कॉलेज
नवीन महाविद्यालय भवन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। भवन के भूतल पर प्रवेश लॉबी, स्टाफ रूम, कंप्यूटर प्रयोगशाला, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, डार्क रूम और परीक्षा नियंत्रण कक्ष तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य कक्ष, रजिस्ट्रार कंट्रोल कार्यालय, सामान्य प्रशासन कक्ष और स्टोर रूम की व्यवस्था भी रहेगी। दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधाजनक आवाजाही के लिए विशेष रैंप का निर्माण किया जा रहा है। भवन के प्रथम तल पर आधुनिक कक्षाओं के साथ भूविज्ञान और प्राणी विज्ञान की प्रयोगशालाएं तथा प्रबंधन कक्ष विकसित किए जा रहे हैं। प्रथम तल का अधिकांश सिविल कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का काम जारी है।
हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा
नवीन महाविद्यालय भवन के तैयार होने से कोटा, गुढ़ियारी, भारत माता चौक और आसपास के residential क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी। महाविद्यालय में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों की पढ़ाई की सुविधा मिलने से आसपास के हजारों छात्र-छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। आधुनिक प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की योजना है। कोटा महाविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद विधायक 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी पहुंचे। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से नाराजगी जताई। निरीक्षण में निर्माण कार्य निर्धारित कार्ययोजना से करीब दो महीने पीछे पाया गया। इस पर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए अतिरिक्त श्रमिक और संसाधन उपलब्ध कराकर निर्माण की गति बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना आवश्यक है। निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
UPSC से लेकर NEET-JEE तक के अभ्यर्थियों को मिलेगी सुविधा
निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी को आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां यूपीएससी, सीजीपीएससी, व्यापम, बैंकिंग, नीट और जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। लाइब्रेरी में शांत अध्ययन वातावरण, वाई-फाई से जुड़ी डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स और देर रात तक सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई करने जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इस परियोजना के पूर्ण होने से राजधानी के प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों को अध्ययन के लिए एक अतिरिक्त आधुनिक केंद्र उपलब्ध हो सकेगा।
गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम के युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोटा का नवीन महाविद्यालय उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार करेगा, जबकि नालंदा लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी। दोनों परियोजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story