छत्तीसगढ़

महिला की संदिग्ध अवस्था में मिली लाश, पुलिस की जांच शुरू

Shantanu Roy
3 Oct 2025 9:31 PM IST
महिला की संदिग्ध अवस्था में मिली लाश, पुलिस की जांच शुरू
x
छग
Bemetra. बेमेतरा। बेमेतरा-कवर्धा मार्ग के किनारे ग्राम खुरूसबोर्ड निवासी सरिता यादव (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला के शव का जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सरिता यादव को अचेत अवस्था में सत्येन्द्र डोन्डे और उसके भाई पिन्टू यादव जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच कर उसकी मौत की पुष्टि की। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और घटना के संदिग्ध पहलुओं को देखते हुए पूछताछ शुरू की।
सत्येन्द्र डोन्डे ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह ऑटो चला कर घर लौट रहा था। घर पहुंचने पर उसने देखा कि सरिता और उसका भाई पिन्टू शराब पी रहे थे। दोनों को शराब पीने पर डांटने के बाद विवाद हुआ। इस दौरान सरिता ने सत्येन्द्र के साथ नहीं रहने की बात कही और ग्राम सैगोना की ओर चली गई। सत्येन्द्र ने पिन्टू को अपने वाहन में बैठाया और उसे ढूंढते हुए जा रहा था, तभी सरिता के वाहन का टकराव हुआ, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। घायल सरिता को पहले सैगोना के निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसकी मौत की पुष्टि की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका सरिता यादव मूल रूप से बेमेतरा की निवासी थी। सत्येन्द्र दो साल पहले बेमेतरा में काम करने आता था। दोनों के संपर्क में आने के बाद सरिता अपने बच्चों और पति को छोड़कर सत्येन्द्र के साथ खुरूसबोर्ड में रहने लगी थी। आठ दिन पूर्व सरिता का भाई पिन्टू भी उसके घर रहने आया था। बुधवार को सरिता और पिन्टू ने शराब पी, जिसके बाद सत्येन्द्र के आगमन पर विवाद हुआ। घटना की संदिग्ध प्रकृति को देखते हुए खंडसरा प्रभारी राकेश साहू ने फॉरेंसिक भारती चंद्राकर की मदद से जांच प्रारंभ की। टीम ने शव का निरीक्षण किया और घटना स्थल का दौरा कर सबूत जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सटीक खुलासा किया जाएगा। प्रभारी साहू ने बताया कि सत्येन्द्र डोन्डे का बयान दर्ज किया जा चुका है। घटना स्थल और पीड़ित की परिस्थिति को लेकर विस्तृत जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी। स्थानीय लोग और परिवार ने घटना को संदिग्ध बताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतका की व्यक्तिगत स्थिति और शराब विवाद के कारण हत्या या दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच जारी है।
Next Story