छत्तीसगढ़

महिला ने बाथरूम में खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

Shantanu Roy
22 Aug 2026 9:09 PM IST
महिला ने बाथरूम में खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत
x
छग
Khairagarh. खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। थाना खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम टेकापार खुर्द में एक महिला ने कथित रूप से खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 30 वर्षीय अंजू बघेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने घर के बाथरूम में मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।
परिजनों के अनुसार, घटना के वक्त महिला का पति अजय बघेल, सास-ससुर और देवर सूरज खेत गए हुए थे। इसी दौरान घर के बाथरूम में महिला ने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी परिवार को तब हुई जब उसका देवर सूरज खेत से खाना लेने के लिए घर पहुंचा। देवर सूरज ने बताया कि घर पहुंचने पर उसे बाथरूम की ओर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उसने तत्काल अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा और महिला को बाहर निकाला।
महिला उस समय गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए आगे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन महिला को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलने के बाद खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। फिलहाल महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। महिला के पारिवारिक हालात, घटना से पहले की परिस्थितियों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद लोगों में भी चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना बेहद दुखद है और परिवार के लिए यह बड़ा सदमा है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Next Story