कोरबा। मोबाइल में अक्सर किसी महिला का काल आने से पति- पत्नी में विवाद हो गया। पत्नी ने खुद पर केरोसीन डाल आग लगा ली, उसे जलते देख पति ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी झुलस गया। दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत डिपरापारा की है। यहां निवासरत सूरजभान कारपेंटर का काम करता है। उसने करीब चार साल पहले रामनगर निवासी पूजा 32 वर्ष से लव मैरिज की थी। दोनों की यह दूसरी शादी है। पहली शादी से दोनों के एक-एक बच्चे भी हैं। सूरजभान ने बताया कि कुछ दिनों से उसके मोबाइल पर एक महिला का काल आ रहा है।
पहली बार काल आया तो रांग नंबर था। इसके बाद से महिला अक्सर काल करती है, लेकिन बात करने से पहले ही काट देती। सूरजभान ने बताया कि सोमवार को भी उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से काल आया। पूजा ने देखा तो फिर विवाद शुरू हो गया। पूजा का आरोप है कि सूरजभान का किसी अन्य महिला से चक्कर है।
इस पर सूरजभान ने संदेह दूर करने के लिए रात को मोबाइल घर में ही छोड़ दिया और चला गया। फिर देर रात घर लौटा तो सब ठीक था। सुबह सूरजभान अपने काम पर निकला तो थोड़ी देर में पूजा ने उसे काल किया और फिर झगड़ा शुरू हो गया। इस बीच पूजा ने मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा ली। सूरजभान ने उसे बचाने का प्रयास किया, पर वह भी झुलस गया। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।