
पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरड़ी में अंधविश्वास के चलते एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। जादू-टोने के शक में आरोपियों ने महिला को पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कौशल्या के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि, आरोपी धीरपाल श्याम के बेटे की कुछ समय पूर्व मृत्यु हो गई थी। बेटे की मौत के बाद धीरपाल को संदेह था कि कौशल्या ने जादू-टोना कर उसके बेटे की जान ली है। इसी शक के चलते वह महिला से रंजिश रखने लगा था।
इसी रंजिश के चलते धीरपाल और उसके सहयोगियों ने मिलकर कौशल्या पर हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला के सिर पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरपाल श्याम सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पेंड्रा के एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने कहा कि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





