छत्तीसगढ़

महिला जज की नौकरानी गिरफ्तार, कार चोरी मामले में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Nil dhankar
10 Oct 2021 11:37 AM IST
महिला जज की नौकरानी गिरफ्तार, कार चोरी मामले में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
x
छत्तीसगढ़

बिलासपुर में महिला जज की कार चोरी मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जज के घर काम करने वाली नौकरानी ही आरोपी है। उसने अपने पति के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में नौकरानी ने बताया कि जज आए दिन उसे डांटती और प्रताड़ित करती थी, इसलिए उसने चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने चोरी के आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दंपती ने बताया कि उन्होंने कई इलाकों से बाइक भी चोरी की है। कुछ दिन पहले कोर्ट परिसर से चोरी हुई कार को पुलिस ने सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम के पास जब्त किया था। कार मिलने के बाद पुलिस को CCTV फुटेज मिला था, जिसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी। फुटेज में एक युवक कार छोड़कर जाता दिख रहा था। वहीं, थोड़ी दूर जाने के बाद युवक एक युवती के साथ एक्टिवा पर नजर आ रहा है। इस दौरान पुलिस को युवक-युवती के एक्टिवा का नंबर पता चला। इसके जरिए पुलिस आरोपियों तक आसानी से पहुंच गई।

नौकरानी ने काम छोड़ दिया था

एसपी दीपक झा ने बताया कि उसलापुर निवासी कमल साहू व पूजा साहू दोनों ने मिलकर जज की कार चोरी की थी। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों पति-पत्नी हैं। पूजा यादव जज के यहां नौकरानी थी। तब जज उसे आए दिन डांटती व प्रताड़ित करती थी। इसके चलते उसे काम छोडना पड़ा। यही वजह है कि उन्हें परेशान करने के लिए उसने अपने वाहन चालक पति के साथ मिलकर कार चोरी की थी। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार चोरी करने के बाद नंबर बदल दिया था, जिससे पुलिस को चकमा दिया जा सके। आरोपी पति पत्नी से पूछताछ में पता चला कि पति पेशे से ड्राइवर है। इससे पहले भी उन्होंने मिलकर बाइक चोरी की थी। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के आधार पर अब तक पांच बाइक बरामद की है, जिसे दोनों पति पत्नी ने मिलकर चोरी किया था। दोनों ने पुलिस को बताया कि कवर्धा, मुंगेली व पथरिया सहित आसपास के इलाकों से उन्होंने आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी की है। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस चोरी की अन्य बाइक को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Next Story