छत्तीसगढ़

CG में महिला की डेंगू से मौत

Shantanu Roy
28 Aug 2024 6:28 PM GMT
CG में महिला की डेंगू से मौत
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक महिला की डेंगू से मौत हो गई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पति का आरोप है कि, जिले के एक निजी अस्पताल में लापरवाही के कारण उसकी पत्नी की मौत हुई है। इंदिरा नगर निवासी नितेश जांगड़े ने बताया कि, उसकी पत्नी सीमा जांगड़े की तबीयत खराब होने पर उन्होंने 20 अगस्त को सिविल लाइंस स्थित सिद्धार्थ अस्पताल में जांच कराई। तब पता चला कि सीमा का प्लेटलेट्स काउंट कम हो रहा है। डेंगू पॉजिटिव होने से उसकी हालत बिगड़ रही है।

इसके बाद उसे रायगढ़ के अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां अस्पताल में 6 प्लेटलेट्स बारी-बारी से चढ़ा दिए गए। इससे ओवरडोज होने के कारण इसका असर उसके ब्रेन पर पड़ा और क्लाट जम गया। इससे उसकी हालत पहले से ज्यादा बिगड़ गई। ​​​​​​​पति नितेश जांगड़े का कहना है कि, उसकी हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया। जहां सीमा को बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं होने से डॉक्टर ने जवाब दे दिया। उसे वापस रायगढ़ ला रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते में मौत हो गई। आज सीमा का अंतिम संस्कार किया गया।

इंदिरा नगर वार्ड क्रमांक-7 के पार्षद आरिफ हुसैन का कहना है कि, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम इसके जिम्मेदार हैं। रायगढ़ में डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस पर अधिकारी गंभीर नहीं हैं। निजी अस्पताल भी आपदा में अवसर खोज रहे हैं। इस मामले की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. टीजी कुलवेदी का कहना है कि, अभी इसकी पुष्टि नहीं है कि महिला की मौत डेंगू से हुई है। मेडिकल कॉलेज से आने वाले सूची में उसका नाम नहीं है। वहीं, ​​​​​​​अपेक्स हॉस्पिटल के डॉ. मनोज गोयल से भी मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
Next Story