छत्तीसगढ़

अंबिकापुर-बिलासपुर में बस और कार की टक्कर, महिला की मौत

Nil dhankar
7 Aug 2026 10:43 AM IST
अंबिकापुर-बिलासपुर में बस और कार की टक्कर, महिला की मौत
x
छग

अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के सामने बुधवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा और बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इनोवा सवार महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है।सभी सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक रात करीब 12.30 बजे अंबिकापुर की ओर आ रही इनोवा क्रिस्टा बिलासपुर की ओर जा रही पापुलर बस से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के सभी एयरबैग खुल गए, इसके बाद भी सवार सुरक्षित नहीं बच सके। पिछली सीट पर बैठे लोग कार में ही फंस गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रायपुर से अपनी कार से लौट रहे लखनपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। दिनेश बारी ने अपनी गाड़ी तथा एंबुलेंस से घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लखनपुर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दिलीप कुमारी तिग्गा (52) की मौत हो गई। अन्य सात घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शिव कीर्तन, विजय केरकेट्टा, आसनलाल तिग्गा और तेजकरण का इलाज आइसीयू में चल रहा है। बाकी तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Next Story