छत्तीसगढ़

लोहे के दरवाजे में उतरा करंट, छूते ही महिला की मौत

Shantanu Roy
11 Aug 2026 10:25 PM IST
लोहे के दरवाजे में उतरा करंट, छूते ही महिला की मौत
x
छग
Batauli. बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम झरगंवा में बिजली करंट की चपेट में आने से करीब 25 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला घर में अकेली थी और लोहे के दरवाजे को खोलने के लिए उसे छूने पहुंची। बताया जा रहा है कि दरवाजे में घरेलू बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही महिला ने दरवाजे को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में रोपा लगाने गए हुए थे। जानकारी के अनुसार ग्राम झरगंवा निवासी रतिराम पैंकरा की बेटी सलीना पैंकरा सोमवार को घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में रोपा लगाने के लिए गए थे। इसी दौरान सलीना किसी काम से घर में लगे लोहे के दरवाजे के पास पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा खोलने के लिए उसे छुआ।

उसके शरीर में बिजली का करंट दौड़ गया। करंट इतना तेज था कि महिला दरवाजे से चिपक गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के सदस्य जब शाम के समय खेत से रोपा लगाकर वापस घर पहुंचे तो उन्होंने सलीना को लोहे के दरवाजे से चिपका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर परिजन सकते में आ गए। इसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। बताया गया कि दरवाजे में करंट प्रवाहित होने के कारण परिजन भी उसकी ओर तुरंत नहीं जा सके। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। आसपास के लोगों के बीच भी इस हादसे को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार घरेलू बिजली व्यवस्था में किसी तरह की खराबी के कारण लोहे के दरवाजे में करंट आने की आशंका है।

हालांकि बिजली करंट किस वजह से दरवाजे में प्रवाहित हुआ, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतका के पिता रतिराम पैंकरा ने बताया कि सलीना का विवाह हो चुका था, लेकिन वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने मायके झरगंवा में रह रही थी। सोमवार को घर में अकेले रहने के दौरान वह इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। परिवार के सदस्य उस समय खेत में रोपा लगाने के लिए गए थे। शाम को लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर की विद्युत व्यवस्था में किस प्रकार की खराबी थी और लोहे के दरवाजे में करंट कैसे पहुंचा। जांच के दौरान बिजली कनेक्शन और अन्य संबंधित पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Next Story