छत्तीसगढ़

अस्पताल की दूसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत

Nil dhankar
2 May 2026 9:40 AM IST
अस्पताल की दूसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत
x
छग

बलरामपुर। जिला अस्पताल बलरामपुर के दूसरी मंजिल से गिरने के कारण महिला मरीज की मौत हो गई। तीन दिन पहले ही उसे मौसमी बीमारियों से पीड़ित होने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। सीसी कैमरों की प्रारंभिक जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि महिला ने अस्पताल के दूसरी मंजिल की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या की है।

बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदूर की निवासी कलेश्वरी (50) को 27 अप्रैल को पेट दर्द और बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। पति और बेटी उसकी देखभाल में लगे थे। गुरुवार की रात लगभग 12:30 बजे महिला अपने बेड पर नहीं थी। कलेश्वरी के पति रामधनी और बेटी मंजू सिंह ने अस्पताल के बाथरूम और अन्य कमरों में उनकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। उसे खोजते हुए स्वजन बाहर निकल गए। बाद में अस्पताल परिसर में नीचे तलाश करने पर कलेश्वरी गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल की छत से नीचे गिरी हुई मिलीं।

स्वजन ने तत्काल उन्हें आपातकालीन वार्ड पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर रिफर कर दिया। हालांकि अंबिकापुर ले जाते समय रास्ते में ही कलेश्वरी की मौत हो गई। इस घटना से अस्पताल प्रबंधन और हड़कंप मच गया। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। अस्पताल के छत से महिला मरीज के गिरने से हुई मौत की घटना को प्रबंधन ने गंभीरता से लिया। दो मंजिला अस्पताल भवन में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।

Next Story