
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर में देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्टेशन के जीआरपी थाना के पास खड़ी एक महिला पर एक ऑटो चालक ने कांच की बोतल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता का नाम मालती है और वह सड़कों पर रहकर गुजर-बसर करती है। सूत्रों के अनुसार, मालती के साथ ऑटो चालक ने पहले छेड़छाड़ की। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ऑटो चालक बेकाबू हो गया और उसके गले पर बीयर की बोतल तोड़कर उस पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह पूरी घटना जीआरपी थाना के चंद कदमों की दूरी पर हुई। ऐसी संवेदनशील जगह पर महिला सुरक्षा से जुड़े बड़े सवाल एक बार फिर खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ऑटो चालक की दबंगई कोई नई बात नहीं थी। उसका नाम रमज़ान अली बताया जा रहा है, जो पहले भी कई बार विवादों में रहा है। जानकारी मिली है कि तीन दिन पहले इसी ऑटो चालक रमज़ान अली और उसके साथी भज्जू ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत जीआरपी थाना में की थी, परंतु थाना प्रभारी ने शिकायत दर्ज नहीं की, ऐसा आरोप परिजनों ने लगाया है।
यदि समय पर कार्रवाई होती, तो संभवतः यह गंभीर घटना टाली जा सकती थी। अब इस मामले में पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और नागरिकों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। जीआरपी के अधिकारियों ने कहा है कि महिला पर हमले की घटना बेहद गंभीर है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर रायपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, ऑटो चालकों की मनमानी और जीआरपी की निष्क्रियता को उजागर कर दिया है। महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए दावों की हकीकत भी इस घटना से सामने आती है।
Next Story





