छत्तीसगढ़

जमीन विवाद में महिला से मारपीट, घर अंदर घुसकर आरोपी ने पीटा

Nil dhankar
26 Jun 2022 2:44 PM IST
जमीन विवाद में महिला से मारपीट, घर अंदर घुसकर आरोपी ने पीटा
x

बिलासपुर। खेत में जबरन धान बोने का आरोप लगाकर युवक ने घर के अंदर घुसकर महिला को जमकर पीटा। उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इस बीच महिला के बेटे पहुंचे तो आरोपित वहां से भाग गया। मारपीट से महिला को चोट लगी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है।

बेलगहना पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर में रहने वाली राजकुमारी विश्वकर्मा पति रामप्रसाद विश्वकर्मा खेती किसानी काम करती हैं। 24 जून की सुबह राजकुमारी अपने घर पर थीं और खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं। सुबह 11 बजे गांव का जोहित यादव गाली-गलौज करते हुए बाहर के दरवाजे को लात से धक्का मारते हुए घर के अंदर घुस गया ओर विवाद करने लगा। महिला के पति पर जबरन खेत में धान बोने का आरोप लगाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला ने गाली देने से मना किया तो आरोपित जोहित यादव महिला से मारपीट करने लगा। आरोपित ने महिला को जमीन पर गिरा दिया। बाल पकड़कर घसीटने लगा। इस बीच अचानक महिला के बेटे पहुंच गए। इसके बाद आरोपित युवक वहां से फरार हो गया। मारपीट से महिला के चेहरे, गाल, सिर, हाथ, पैर में चोट लगी है। कुछ समय बाद स्वजन घर पहुंचे। तब महिला ने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद स्वजनों ने बेलगहना थाना पहुंचकर शिकायत की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जोहित यादव उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपित युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। इस बीच पीड़िता का मुलाहिजा के लिए कोटा स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां डॉक्टर ने जांच कर मारपीट से चोट लगने की पुष्टि की है।​ फिर पुलिस टीम आरोपित जोहित यादव को पकड़ने गांव पहुंची। तब तक आरोपित मौके से फरार हो गया था।


Next Story