छत्तीसगढ़

पुलिस कस्टडी से भागी महिला की हुई गिरफ्तारी

Nil dhankar
27 Aug 2022 4:13 PM IST
पुलिस कस्टडी से भागी महिला की हुई गिरफ्तारी
x

बिलासपुर। गांजा तस्करी करने वाली गिरफ्तार महिला अभिरक्षा से फरार हो गई। दरअसल, तीन पुलिस कर्मी उसे लेकर मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले गए थे। इस दौरान महिला आरक्षक से हाथ छुड़ाकर भाग निकली और पुलिसकर्मी देखते रह गए। दिन भर की तलाश के बाद महिला रेलवे स्टेशन के पास मिली, तब पुलिस ने राहत की सांस ली। महिला आरक्षक ने उसके अभिरक्षा से फरार होने का केस भी दर्ज कराया है। मामला तारबाहर थाने क्षेत्र का है।

गुरुवार को सिविल लाइन पुलिस ने मध्यप्रदेश के उमरिया जिले चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरिया निवासी रिंकी कुशवाहा व उसके साथियों को 16 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। शुक्रवार की सुबह सिविल लाइन थाने में पदस्थ महिला आरक्षक आशा नेताम, अतुल सिंह व फूलसाय नायक आरोपी महिला का मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर गए थे। महिला आरक्षक जांच के बाद फार्म में डॉक्टर का सील लगवाने के लिए जा रही थी। तभी आरोपी महिला ने महिला आरक्षक का हाथ झटककर भाग गई। उसे भागते देखकर महिला आरक्षक चिल्लाती रही और उसके साथ गए दो पुलिस कर्मी अतुल और फूलसाय देखते रह गए।

पुलिस अभिरक्षा से महिला आरोपी के फरार होने के बाद घबराए पुलिस कर्मी इधर-उधर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन महिला नहीं मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने TI परिवेश तिवारी और पुलिस कंट्रोल रूम को महिला के भागने की जानकारी दी गई और सभी जगह उसकी तलाश की गई। आखिरकार दोपहर बाद महिला रेलवे स्टेशन के पास मिल गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।


Next Story