छत्तीसगढ़

महिला ने पुलिसकर्मी पति पर लगाया अनाचार करने का आरोप

Nilmani Pal
8 May 2022 2:57 AM GMT
महिला ने पुलिसकर्मी पति पर लगाया अनाचार करने का आरोप
x
CG NEWS

जगदलपुर। झारखंड निवासी 25 वर्षीय एक महिला ने जगदलपुर में पदस्थ पुलिसकर्मी पर पहले अनाचार करने, सजा से बचने कोर्ट में शादी करने, उसके बाद दूसरी महिला से ब्याह रचाने का आरोप लगाया है। महिला ने यह भी शिकायत की है कि वह आदिवासी है, जबकि पति ने ईसाई मत अपनाया है। वह उस पर मतांतरण करने और गोमांस खिलाने का भी दबाव बनाता रहा है। महिला ने आइजी बस्तर सुंदरराज पी व एसएसपी जितेंद्र सिंह मीणा को लिखित में शिकायत कर पति पर कार्रवाई करने की मांग की है।

झारखंड के ग्राम नावाटोली, थाना रायडीह, जिला गुमला निवासी प्रार्थिया ने शिकायत में बताया है कि पुलिस विभाग में फिजिकल ट्रेनर आशीष मिंज ने वर्ष 2014 में शादी का झांसा देकर उससे कई बार संबंध बनाए। बाद में शादी से मना कर देने पर उसने पुलिस में उसकी शिकायत की थी। कोर्ट ने उसे सजा भी सुनाई थी। सजा से बचने के लिए उसने उसे दोबारा झांसे में लिया और एक बार फिर शादी करने का भरोसा दिलाया। 25 अक्टूबर 2018 को उसने कोर्ट मैरिज भी की।

इसके बाद वह उसे अपने घर नहीं ले जाना चाह रहा था। दबाव डालने पर किसी तरह घर ले गया। वहां उसके साथ दहेज के नाम पर मारपीट की जाने लगी। युवती ने आशीष के घरवालों पर उसका मतांतरण करवाने और जबरन गोमांस खिलाने का आरोप भी लगाया है। देवर पर उसका फर्जी आइडी बनाकर इंटरनेट मीडिया पर बदनाम करने का प्रयास करने की शिकायत भी की है। पीड़िता के अनुसार आशीष के विरुद्ध गुमला न्यायालय में धोखाधड़ी समेत विभिन्ना धाराओं के तहत मामला विचाराधीन है। इसके बावजूद उसने बीते दो मई को जगदलपुर के आड़ावाल के एक चर्च में एक अन्य महिला से विवाह कर लिया है। इसकी सूचना मिलने पर वह उसके घर जगदलपुर पहुंची तो उसे भीतर घुसने नहीं दिया गया। महिला ने बोधघाट पुलिस पर भी असहयोग करने का आरोप लगाया है।


Next Story