
सूरजपुर। एक युवक ने पीएचई विभाग में पदस्थ अकाउंटेंट पिता के साथ मिलकर बेरोजगारों को जमकर ठगा। सीएम कोटे से नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी कर ली।
खुद को आदिवासी उत्थान संस्थान छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष बनाने वाले मोहित नेताम ने एक बेरोजगार से सब इंस्पेक्टर भर्ती के लिए 7 लाख और दूसरे बेरोजगार से फॉरेस्ट गार्ड बनवाने के नाम से तीन लाख रुपए वसूल लिए। बेरोजगारों को जब नौकरी नहीं मिली और रुपए भी वापस नहीं किया तब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
ग्राम पतरापाली के रहने वाले मुरली मनोहर पटेल ने सब इंस्पेक्टर और ग्राम सपकरा में रहने वाले रमेश कुमार ने फॉरेस्ट गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम से ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। मुरली मनोहर पटेल ने अपनी शिकायत पर बताया है कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लेखापाल हेमंत नेताम से हुई। उन्होंने अपने बेटे मोहित नेताम से मिलवाया। मोहित ने खुद को आदिवासी उत्थान संस्थान छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष बताया। शिकायत पर पुलिस ने मोहित नेताम के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।





