छत्तीसगढ़

रायगढ़ में जंगली सुअरों का आतंक, फसलों को नुकसान

Shantanu Roy
4 Oct 2026 6:02 PM IST
रायगढ़ में जंगली सुअरों का आतंक, फसलों को नुकसान
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रेंगालपाली सर्किल क्षेत्र में जंगली सुअरों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। जंगल से निकलकर जंगली सुअरों के झुंड गांवों के आसपास और खेतों तक पहुंच रहे हैं। रात के समय इनके खेतों में घुसने से मूंगफली समेत सब्जियों और अन्य फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। लगातार हो रहे फसल नुकसान से किसानों को आर्थिक क्षति की चिंता सताने लगी है। रेंगालपाली सर्किल के झारमुड़ा, सारसमाल, लिंजिर, पुसलदा, जामपाली, सुर्री और कर्राजोर सहित आसपास के कई गांवों में जंगली सुअरों की मौजूदगी देखी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, शाम ढलने के बाद और रात के समय जंगली सुअरों के झुंड खेतों की ओर पहुंच जाते हैं। खेतों में घुसकर सुअर फसलों को रौंदने के साथ उन्हें खा भी जाते हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।

खेतों में पहुंच रहे जंगली सुअरों के झुंड
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली सुअरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। कई बार झुंड के रूप में सुअरों को गांवों और खेतों के आसपास देखा जा रहा है। फसलों को बचाने के लिए ग्रामीणों को रात में खेतों की निगरानी करनी पड़ रही है। जंगली जानवरों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भी डर का माहौल बना हुआ है। सबसे ज्यादा चिंता कर्राजोर इलाके को लेकर सामने आई है, जहां जंगली सुअर के हमले में एक महिला के घायल होने की जानकारी मिली है। बताया गया कि महिला पर अचानक जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत बढ़ गई।

महिला पर हमले के बाद वन विभाग सक्रिय
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और जंगली सुअरों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। विभाग की टीम ने कर्राजोर क्षेत्र में सुअरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, कर्राजोर में 2 से 3 पिंजरे लगाए गए हैं। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी भी कर रही है, ताकि जंगली सुअरों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके और उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की जा सके।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग की टीम जंगली सुअरों की मौजूदगी वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर जाने से बचने की अपील की जा रही है। विशेष रूप से रात के समय खेतों में जाने के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है। रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके का जायजा लिया गया था। कर्राजोर में महिला के जंगली सुअर के हमले में घायल होने की जानकारी भी मिली है। इस संबंध में प्रकरण तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जंगली सुअरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं और क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल वन विभाग की कोशिश जंगली सुअरों को पकड़कर ग्रामीणों और किसानों को राहत दिलाने की है। वहीं, ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि फसलों को हो रहे नुकसान और जंगली जानवरों के हमले की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Next Story