छत्तीसगढ़

दशहरे की रात पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

Shantanu Roy
22 Oct 2026 8:34 PM IST
दशहरे की रात पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दशहरा की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम केपी में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चों के सामने ही पत्नी पर लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे से हमला किया। महिला के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी ने उसके सिर पर एसबेस्टस शीट पटक दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

डीजे पर नाचने के दौरान पति-पत्नी में हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की रात ग्राम केपी में हुई। गांव में बसंत गिरी के घर के सामने डीजे बजाकर लोग नाच-गाना कर रहे थे। इस दौरान केपी बाबापारा निवासी आलोक गिरी (36 वर्ष) अपनी पत्नी मानमती (32 वर्ष) के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। डीजे पर नाचने के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी आलोक गिरी ने कार्यक्रम स्थल पर ही अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों विवाद करते हुए अपने घर के सामने पहुंच गए।

बच्चों के सामने पत्नी को बेरहमी से पीटा
आरोप है कि घर के सामने पहुंचते ही आलोक गिरी ने पत्नी मानमती पर लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। आरोपी ने बच्चों की मौजूदगी में महिला की जमकर पिटाई की। लगातार मारपीट के कारण मानमती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने बेहोश पड़ी पत्नी के सिर पर एसबेस्टस शीट पटक दी। गंभीर चोटों के कारण मानमती की मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद आरोपी आलोक गिरी घटनास्थल से फरार हो गया।

शराब के नशे में पहले भी करता था मारपीट
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने बताया कि आरोपी आलोक गिरी पहले भी शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। घर में अक्सर इसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। हालांकि, इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।

फरार आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वारदात के बाद कोतवाली पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर पतासाजी की और आरोपी आलोक गिरी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। विशेष रूप से बच्चों के सामने हुई इस हिंसक वारदात ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Next Story