पत्नी ने की ख़ुदकुशी, अत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में रहने वाली महिला ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के डेढ़ साल बाद पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तोरवा क्षेत्र के प्रायमरी स्कूल के पास रहने वाली देवांशी कश्यप ने बालौदाबाजार जिले के लवन निवासी अजय कुमार जांगड़े से प्रेम विवाह किया था। 2019 में शादी के बाद दोनों कमाने खाने के लिए दिल्ली चले गए। कोरोना वायरस के कारण लाकडाउन में वे देश की राजधानी दिल्ली में ही फंस गए थे। दोनों दिल्ली में ही किसी तरह अपना जीवन यापन कर रहे थे। नवंबर 2021 में दोनों बिलासपुर लौट आए।
यहां देवांशी अपने मायके चली गई। वहीं, अजय अपने घर लवन चला गया। दो जनवरी 2021 को देवांशी ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पूछताछ में स्वजन ने देवांशी के पति पर मारपीट और अन्य गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। डेढ़ साल तक चली जांच के बाद तोरवा पुलिस ने शनिवार की रात आरोपित पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। इस बीच आरोपित अपने ठिकाने से फरार हो गया है। स्वजन से पूछताछ कर आरोपित के ठिकानों की जानकारी ली जा रही है।