
x
रायपुर। महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाएं नया आवेदन शुरू होने की आस लगाए बैठी है। अब तक सिर्फ विभागीय मंत्री द्वारा जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा शुरू करने की बात कही जाती रही है, अब देखना होगा कि नई पात्र विवाहित महिलाओं को आवेदन करने का अवसर कब मिलता है। डेढ़ साल से दावा किया जा रहा है कि महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और आगामी दिनों में प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
मंत्री दे रहीं सिर्फ आश्वासन
बीते दिनों महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया था कि योजना के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री से सहमति मिल चुकी है। विभागीय स्तर पर तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संभावना है कि एक सप्ताह के भीतर पोर्टल आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। सरकार चरणबद्ध तरीके से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की योजना बना रही है। पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पात्र महिलाओं के लिए पंजीयन और आवेदन की सुविधा शुरू की जाएगी।
यह पहल उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगी जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं या पात्र होने के बावजूद योजना की सूची में शामिल नहीं हो सकी थीं। नए पंजीयन के माध्यम से उन्हें भी योजना का लाभ मिलने का रास्ता खुलेगा। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है।
फंड जारी करने में भी होने लगी देरी
सरकार द्वारा अब महिलाओं को महतारी वंदन की राशि जारी करने में भी लेटलतीफी की जाने लगी है, पिछले महीने महिलाओं की खाते में 14 तारीख को राशि पहुंची। फंड जारी करने की अब कोई निश्चित तारीख नहीं रही। विभाग द्वारा अनावश्यक फंड जारी करने में विलंब से महिलाओं में नाराजगी देखी जा रही है। बाकि राज्यों में फंड की राशि भी बढ़ती जा रही है, लेकिन छग सरकार राशि बढ़ाना तो दूर नई पात्र महिलाओं को योजना का लाभ भी नहीं दे रही है।
उधर दिल्ली लक्ष्मी योजना का पोर्टल शुरू, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार 1 अगस्त को 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' का आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है। इस योजना के तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। पोर्टल के शुरू होने के साथ ही इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है।
लॉन्चिंग के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली लक्ष्मी योजना एक ऐसी योजना है जो दिल्ली की बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। सरकार ने इसके लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इसका पोर्टल आज से शुरू हो गया है और पंजीकरण भी शुरू हो चुका है।" मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि पोर्टल शुरू होने के कुछ ही समय के भीतर लगभग 500 महिलाएं इस पर सफलतापूर्वक अपने आवेदन दर्ज करा चुकी हैं।
Next Story





