छत्तीसगढ़

ऐसा क्या हुआ कि शादी घर में पानी के लिए तरस गए दूल्हे वाले

Nilmani Pal
6 May 2022 4:13 PM IST
ऐसा क्या हुआ कि शादी घर में पानी के लिए तरस गए दूल्हे वाले
x
छग

कोरबा। कोरबा के एक गांव में एक सांप के कारण शादी घर के लोग पानी को तरस गए। दरअसल जिस कुंए का पानी यहां इस्तेमाल होता है, उसमें सांप गिर गया। फिर करीब 36 घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सांप बाहर निकाला। दादरखुर्द बस्ती में रहने वाले ननकीराम प्रजापति के यहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। यहां घराती-बराती मिलाकर करीब 50-60 लोग थे। ननकीराम के घर के आंगन में एक कुआं है। परिवार इसी कुएं का पानी, पीने और दूसरे कामो के लिए इस्तेमाल करता है। शादी के कार्यक्रम में भी सभी इसका पानी इस्तेमाल कर रहे थे। गुरुवार शाम जब कुछ लोग पानी भरने कुएं के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक सांप पानी पर तैर रहा है। यह इलाका नाग जैसे जहरीले सांपों वाला है, लिहाजा घरवाले डर गए और कुएं का पानी लेना बंद कर दिया। कुछ लोगों ने देखकर बताया भी कुएं वाला सांप जहरीला है। इसके बाद गांववालों ने उसे निकालने का प्रयास शुरू किया।

शाम को ही एक लंबा बांस कुएं में डाला गया, कुछ और सपोर्ट भी लगाए गए, लेकिन सांप बाहर नहीं आया। इसके बाद ननकीराम ने वन विभाग के लोगों को बताया। वन विभाग के रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को इसकी जानकारी दी गई जिसके बाद जितेंद्र सारथी अपने टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चालू किया गया। काफ़ी मशक्कत के बाद रस्सी और सूखी टहनियों की मदद से सांप को बाहर निकाल पाने में सफ़ल हुए । इसके बाद घर वालों ने राहत की सांस ली। दो दिनों तक घर वालों को पानी दूसरी जगह से लाना पड़ा। अब कुएं में दवाएं डालने के बाद इसके पानी का उपयोग फिर शुरू होगा।

Next Story