छत्तीसगढ़

यतियतन लाल वार्ड में वजन त्योहार शिविर आयोजित

Nil dhankar
16 Feb 2026 4:47 PM IST
यतियतन लाल वार्ड में वजन त्योहार शिविर आयोजित
x

महासमुंद। जिले में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार एवं कुपोषण को समाप्त करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9 से 18 फरवरी तक वजन त्योहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शहरी परियोजना अंतर्गत यतियतन लाल वार्ड में आज वजन त्योहार एवं विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद एवं पार्षद सुनैना ठाकुर उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उनका वजन एवं ऊंचाई मापी गई।

शिविर के दौरान उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि नियमित वजन मापन से कुपोषण की पहचान समय पर की जा सकती है, जिससे बच्चों को बेहतर पोषण एवं देखभाल मिलती है। उन्होंने न्योता भोज को जनसमुदाय से जोड़ने की अपील करते हुए समाज की सहभागिता को आवश्यक बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, जिससे परिवार के पोषण स्तर में भी सुधार संभव है।

शिविर में कुपोषित एवं अत्यंत कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेष पोषण आहार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की प्रक्रिया की गई। वहीं गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आयरन, कैल्शियम एवं अन्य पोषक तत्वों के सेवन की सलाह दी गई। वर्तमान में इस सेक्टर के केंद्रों में 0 से 5 वर्ष के 169 बच्चे, 40 किशोरियां एवं 32 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत हैं। इस अवसर पर पालकों को बच्चों के लिए संतुलित आहार संबंधी आहार तालिका प्रदान कर खान-पान में सुधार हेतु मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही हाथ धोने की आदत, स्वच्छता एवं नियमित टीकाकरण के महत्व पर भी जागरूक किया गया। जांच के उपरांत पालकों को बच्चों की पोषण रिपोर्ट की जानकारी दी गई तथा बताया गया कि जीवन के शुरुआती 6 वर्ष बच्चे के शारीरिक एवं मानसिक विकास की मजबूत नींव होते हैं।

कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी श्रीमती शैल नाविक, सुपरवाइजर शीला प्रधान के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राखी शर्मा सहित सहायिका, मितानिन, पालकगण एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Next Story