
रायपुर. छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई है. अंबिकापुर, दुर्ग, पेंड्रा रोड और रायपुर के आउटर इलाकों में रात को ठंड का एहसास हुआ. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गुरुवार को तापमान में पुनः बढ़ोतरी होने की संभावना है. वहीं मार्च के शुरुआती दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बदली-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बता दें, बंगाल की खाड़ी में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक नया सिस्टम बन रहा है, जिसके चलते हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी. इस बदलाव के असर से अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बादल वाले मौसम का अनुमान है. 3 मार्च तक यह प्रणाली दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगी.
बुधवार को प्रदेश में सबसे गर्म दुर्ग रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
बुधवार को रायपुर में दिन का तापमान 34 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री था. आज दिन का तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. दुर्ग में बुधवार को दिन का तापमान 35.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक था. वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. सोमवार को यहां तापमान 36.2 डिग्री तक पहुंच गया था, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था.





