
x
बारिश
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार रात राजधानी रायपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई और कई इलाकों में ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जिलों में आंधी और तेज हवाओं के कारण नुकसान भी देखने को मिला।
कोरबा जिले के कटघोरा इलाके में तेज आंधी के चलते एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क किनारे गिर गया। वहीं धमतरी के रिसगांव क्षेत्र में तेज हवा के कारण एक पेड़ घर के पास खड़े ट्रैक्टर पर गिर गया, जिससे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। खरीदी केंद्र परिसर में बना टीन शेड भी हवा में उड़ गया।
कोंडागांव जिले के केशकाल में तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया। कुछ दुकानों तक पानी पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दुर्ग जिले के अंडा गांव में भी तेज हवाओं का असर दिखा, जहां लोग पेट्रोल पंप की छत के नीचे बचाव करते नजर आए। तेज हवा के झोंकों से एक स्कूटी भी गिर गई।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव आया है। विभाग ने अगले चार दिनों तक गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। जगदलपुर में सबसे अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
Next Story





