छत्तीसगढ़

घरों में घुसा पानी, भारी बारिश से परेशान हुए लोग

Nil dhankar
25 Aug 2022 11:08 AM IST
घरों में घुसा पानी, भारी बारिश से परेशान हुए लोग
x

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में बुधवार की रात अचानक लगभग एक घंटा मूसलाधार वर्षा हुई। भारी वर्षा से लोगों के घरों में पानी घुस गया।शहर के कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति निर्मित हो गई। नगर के घुटरापारा मझली पीढ़ इलाके में पार्षद को एक्सीवेटर लेकर नगर निगम की टीम के साथ पहुंचना पड़ा।पानी निकासी की व्यवस्था बनाई गई तब जाकर राहत मिली। सुबह जैसा नजारा शहर के विभिन्ना गली गलियारों का दिख रहा है.

उससे मूसलाधार वर्षा का आंकलन किया जा सकता है। महामाया पहाड़ से उतरने वाला पानी सीधे घुटरापारा मायापुर बस्ती में मलवा कचरा के साथ पहुंच गया और लोगों के घरों में व सड़कों पर पट गया। पहली बार नगर के बांकी नदी में पानी का तेज बहाव नजर आ रहा है। पहाड़ से उतरने वाला पानी नदी में बाढ़ की तरह आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक रात में लगभग एक घंटे में 55 मिलीमीटर वर्षा हुई वही पूरी रात 90.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है जो अब तक एक रात में हुई सर्वाधिक वर्षा है।

मूसलाधार वर्षा के कारण अब अंबिकापुर में वर्षा का रिकार्ड 700 मिलीमीटर औसत पार हो गया है। शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी वर्षा के कारण खेत जलमग्न हो गए हैं। बांकी नदी में पानी के तेज प्रवाह के कारण पूरे खेत डूब गए हैं। शंकर घाट के समीप पानी का बहाव तेज हो गया है। इस सीजन में पहली बार बांकी नदी में पानी का इतना तेज बहता दिख रहा है।

Next Story