छत्तीसगढ़

सूरजपुर में चौकीदार की हत्या, नाबालिग ने रेप के बाद हमला करने की बात कही

Shantanu Roy
30 Sept 2026 8:13 PM IST
सूरजपुर में चौकीदार की हत्या, नाबालिग ने रेप के बाद हमला करने की बात कही
x
छग
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में 65 वर्षीय चौकीदार की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने पूछताछ में बताया कि बुजुर्ग ने आधी रात उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। इससे आक्रोशित होकर उसने पहले सब्बल से चौकीदार के सिर पर वार किया और इसके बाद ब्लेड से उसका गला काट दिया। हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र के महुआपारा का है।
जानकारी के अनुसार SECL कर्मचारी कामता प्रसाद साहू का महुआपारा क्षेत्र में मकान निर्माणाधीन है। निर्माणाधीन मकान में रखे सामान की देखरेख के लिए 65 वर्षीय सीताराम गोंड़ को चौकीदार के रूप में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय नाबालिग कुछ दिन पहले काम के सिलसिले में सूरजपुर आई थी। सीताराम उसका दूर का रिश्तेदार था और लड़की उसे मुंहबोला बाबा मानती थी। सूरजपुर आने के बाद वह उसी के पास निर्माणाधीन मकान में रुकी हुई थी।
बताया गया कि 27 सितंबर की रात दोनों ने खाना खाने के बाद वहीं आराम किया। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि आधी रात को सीताराम ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद लड़की गुस्से में आ गई और उसने पास में रखे सब्बल से सीताराम के सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद उसने कथित तौर पर बिस्तर के पास रखे ब्लेड से उसका गला काट दिया। गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने से सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद नाबालिग डर और अंधेरा होने के कारण रात में वहां से नहीं निकली। अगली सुबह वह निर्माणाधीन मकान से बाहर निकलकर वहां से जाने लगी। इसी दौरान मौके पर काम करने पहुंचे मजदूरों ने उसे देखा। मजदूरों ने मकान के अंदर जाकर देखा तो चौकीदार सीताराम खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। उसका गला कटा हुआ था और घटनास्थल के आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इसके बाद निर्माणाधीन मकान से निकली नाबालिग की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार इसी पूछताछ में उसने बुजुर्ग द्वारा दुष्कर्म किए जाने और इसके बाद हमला करने की बात बताई। मामले में उसके बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने नाबालिग को विधि के अनुसार न्यायिक प्रक्रिया के लिए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और नाबालिग के बयान की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। दुष्कर्म के आरोप और हत्या से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story