छत्तीसगढ़

गरीबों का हक खा रहा था, तत्काल हटाए गए राशन दुकान के संचालक

Nilmani Pal
24 Nov 2022 8:46 AM GMT
गरीबों का हक खा रहा था, तत्काल हटाए गए राशन दुकान के संचालक
x

मुंगेली। जिले के सुदूर वनांचल स्थित लोरमी विकास खंड के महामाई ग्राम के सैकड़ों बैगा आदिवासी अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष लेखनी सोनू चंद्रकार के नेतृत्व में आदिवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। आदिवासी ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में बताया कि, गांव में राशन दुकान का संचालक मनमानी तरीके से राशन वितरण कर है। महीना बीतने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल सका है। साथ ही हर महीने मिलने वाले राशन में 2 से 3 किलो की कटौती की जाती है।

शक्कर, मिट्टी तेल कार्ड में इंगित तो किया जाता है, लेकिन मिलता नहीं है। गांव में अतिक्रमण किया जा रहा है। इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मूलभूत सुविधाओं की समस्या गांव में हमेशा से बनी हुई है। वहीं, इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि, यदि समस्या का निराकरण नहीं होता है, तो 1 हफ्ते बाद वे आदिवासियों के साथ मिलकर धरना करेंगे।

वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राहुल देव मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने बैगा आदिवासियों से उनकी समस्याएं सुनीं। इसमें प्रमुख समस्या राशन और अतिक्रमण के मामले की शिकायत पर राशन दुकान संचालक को तत्काल हटाने को लेकर, सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस पर अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए राशन दुकान संचालक को निलंबित कर दिया और आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्या है उसका 1 हफ्ते के भीतर निराकरण किया जाएगा।

Next Story