छत्तीसगढ़

स्वीप गतिविधियों के तहत महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

Shantanu Roy
22 Jan 2026 6:34 PM IST
स्वीप गतिविधियों के तहत महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
x
छग
Raigarh. रायगढ़। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) गतिविधियों के अंतर्गत महाविद्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करना तथा उन्हें मताधिकार के महत्व, अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। इसी कड़ी में शासकीय महाविद्यालय, धरमजयगढ़ में मतदाता जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान जैसे विषयों को रचनात्मक तरीके से पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के जरिए यह संदेश दिया कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता से ही मजबूत होती है।

वहीं कुसमुरा कॉलेज में भी स्वीप गतिविधियों के तहत रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। रंगोली और पोस्टरों के जरिए छात्रों ने लोकतंत्र, संविधान और मतदान के प्रति अपनी समझ और संवेदनशीलता को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित किया। जिले के नवीन शासकीय महाविद्यालय, चपले में भी स्वीप प्रभारी राजेश कुमार लहरे के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार कु. निर्मला साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. वर्षा पटेल को द्वितीय और कु. पल्लवी राना को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय स्तर पर प्रशंसा के साथ सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रो. राजेश कुमार लहरे ने जिला स्तरीय बैठक में प्राप्त सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ना है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी छात्र-छात्राओं से अनिवार्य रूप से मतदाता पंजीयन कराने की अपील की और इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया की भी जानकारी दी। इन स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जिले के महाविद्यालयों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों में मतदान को लेकर जागरूकता बढ़ी और उन्होंने लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को न केवल जागरूक बनाते हैं, बल्कि भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Next Story