छत्तीसगढ़

वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी ने महिला मीडियाकर्मी से की मारपीट और बदसलूकी

Shantanu Roy
12 Jun 2025 8:44 PM IST
वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी ने महिला मीडियाकर्मी से की मारपीट और बदसलूकी
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं का नाम सुर्खियों में है। शुक्रवार को थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने वीरेंद्र सिंह तोमर के निवास पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी सुब्रा सिंह तोमर को हिरासत में ले लिया है। उनके साथ-साथ तोमर बंधुओं के पक्ष में पैरवी कर रहीं एडवोकेट संगीता सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई की जड़ एक यूट्यूबर महिला से हुई बदसलूकी और मीडिया रिपोर्टिंग के दौरान हुए दुव्यवहार से जुड़ी है। बीते दिनों एक यूट्यूबर महिला द्वारा तोमर बंधुओं से जुड़े आपराधिक मामलों को उजागर किया गया था, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद जब अन्य मीडिया प्रतिनिधि रिपोर्टिंग के लिए मौके पर पहुंचे, तो तोमर बंधुओं के गुर्गों द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई की गई। इस मामले में पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वीरेंद्र सिंह तोमर के घर दबिश दी और घटनास्थल पर मौजूद सुब्रा सिंह तोमर और एडवोकेट संगीता सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।


पुलिस से भी की गई बदसलूकी
मीडिया से दुर्व्यवहार के साथ ही, पुलिस ने बताया कि दबिश के दौरान तोमर बंधुओं के समर्थकों और गुर्गों ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की। मामला तनावपूर्ण होता देख अतिरिक्त बल बुलाया गया और स्थिति को काबू में किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कोई पहली बार नहीं है जब तोमर बंधु और उनके सहयोगी कानून के खिलाफ गए हों। इससे पहले भी इन पर अवैध हथियार रखने, रंगदारी, नकदी और आपराधिक षड्यंत्र के मामलों में केस दर्ज किए जा चुके हैं। बीते सप्ताह ही पुलिस ने तोमर बंधुओं के आवास पर छापा मारते हुए भारी मात्रा में नगदी, हथियार और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए थे। उसी दौरान एक सफेद टी-शर्ट पहने व्यक्ति की मीडियाकर्मी पहचान वाली आईडी भी जब्त की गई थी।

कौन है ये "फर्जी मीडियाकर्मी"?
इस पूरे घटनाक्रम में एक सफेद टी-शर्ट पहने युवक का भी नाम सामने आया है, जो स्वयं को मीडियाकर्मी बताता है। पुलिस ने पुष्टि की है कि इसकी आईडी बीते छापे के दौरान तोमर बंधुओं के घर से बरामद की गई थी। शुक्रवार को यह व्यक्ति घटना स्थल पर मौजूद मीडियाकर्मियों से दुर्व्यवहार कर रहा था। पुलिस ने मौके पर ही उसे भी हिरासत में लेकर थाने में बैठाया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।


पुलिस की कड़ी प्रतिक्रिया
पुरानी बस्ती थाना प्रभारी ने कहा कि “तोमर बंधुओं के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। मीडिया से दुर्व्यवहार और पुलिस से बदसलूकी गंभीर अपराध हैं। इस पूरे मामले में उचित धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।” पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही और गिरफ्तारी हो सकती है। वहीं, मीडिया संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मांग की है कि मीडिया प्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और फर्जी पत्रकारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

रायपुर पुलिस ने साफ किया है कि अवैध गतिविधियों, अपराधियों के नेटवर्क और फर्जी पहचान वालों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है और थाना स्तर पर माफिया-तत्वों की सूची तैयार कर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। यह मामला अब सिर्फ एक पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि मीडिया, कानून और अपराधियों के गठजोड़ पर बड़ी बहस का कारण बनता जा रहा है। जनता और प्रशासन दोनों की निगाहें अब इस पूरे घटनाक्रम के आगामी कदमों पर टिकी हुई हैं।
Next Story