छत्तीसगढ़

विनोद कुमार शुक्ल का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार: CM साय

Shantanu Roy
23 Dec 2025 8:08 PM IST
विनोद कुमार शुक्ल का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार: CM साय
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन को प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल ने अपनी साहित्यिक साधना और सृजनात्मक लेखन से छत्तीसगढ़ का नाम देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल की रचनाएं मानवीय संवेदनाओं, सादगी और गहन भावबोध का अद्भुत उदाहरण हैं। उनकी लेखनी ने साधारण जीवन को असाधारण गरिमा प्रदान की। वे छत्तीसगढ़ की साहित्यिक चेतना के प्रतीक थे और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।


मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि छत्तीसगढ़ सरकार विनोद कुमार शुक्ल के अतुलनीय साहित्यिक योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें सम्पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देगी। यह निर्णय उनके साहित्यिक कद और प्रदेश के सांस्कृतिक जीवन में उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए लिया गया है।
मुख्यमंत्री
साय ने कहा कि राज्य सरकार शोक की इस घड़ी में शुक्लजी के परिजनों, प्रशंसकों और पाठकों के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रदेश के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और सांस्कृतिक संगठनों ने भी विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साहित्य जगत का मानना है कि उनके जाने से हिंदी साहित्य और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को गहरा आघात लगा है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
Next Story