फर्जी निवेश कंपनी बनाकर ग्रामीणों को खूब लूटा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

राजनांदगांव। पुलिस ने मिशन साइबर सुरक्षा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कंबोडिया स्कैम सेंटर से जुड़े मुख्य आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जांच में पता चला कि गिरोह फर्जी निवेश कंपनियों के नाम पर ठगी करता था। साथ ही ऑनलाइन जॉब और टास्क के नाम पर भी लोगों को झांसा देता था। आरोपी बैंक खातों और रजिस्टर्ड सिम कार्ड उपलब्ध कराने के साथ क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसों को कंबोडिया भेजने का काम भी करते थे।
मामला तब सामने आया जब रूपेश साहू ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 22 दिसंबर को 90,000 रुपए की धोखाधड़ी की गई थी। जांच में आशुतोष शर्मा का नाम सामने आया।
एसपी पुष्पेन्द्र नायक के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी रामेन्द्र सिंह की टीम ने कड़ी पूछताछ की। इसके बाद श्रेणिक कुमार सांघवी (24, गुजरात), शुभम तिवारी (26, डोंगरगढ़), दीपक नरेडी (27, डोंगरगढ़) और रोहित महेश कुमार वीरवानी (32, पुणे) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का एक सदस्य अल्केष कुमार मांगे कंबोडिया से लौटा था। उसे 20 मार्च को पुणे एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। आरोपी के पास से 2 मोबाइल, 2 एटीएम कार्ड और 8 सिम कार्ड बरामद किए गए।





